मैनपुरी। मौसम में परिवर्तन के साथ ही जिले में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचे दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। पिछले एक सप्ताह में जिले में सात मरीजों की बुखार से मौत हो चुकी है। सीएमओ ने चिकित्साधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। बुखार से पीड़ित 90 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। आठ मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगला सुमेर निवासी 55 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह को बुखार के साथ लीवर में इन्फेक्शन हो गया। सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं बदनपुर निवासी विक्रम सिंह के एक साल के पुत्र श्रेयांश को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग का कहना था कि दोनों मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
-----
चिकित्साधीक्षक रहें सतर्क
बुखार के बढ़ते मरीजों को देखते हुए सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखें। एएनएम और आशाओं को सक्रिय किया जाए। यदि कहीं भी छह से अधिक मरीज मिलते हैं तो उस क्षेत्र में शिविर लगाकर मरीजों को उपचार दिया जाए। चिकित्सक समय से स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर मरीजों को उपचार दें।
----
फेंफड़ों में संक्रमण से महिला की मौत
गांव औडन्य पड़रिया निवासी वीरेंद्र सिंह की 65 वर्षीय पत्नी राधारानी को पिछले कुछ दिनों से फेंफड़ों में संक्रमण था। रविवार को परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
----
बुखार से बचने के उपाय
-घरों के पास पानी न भरनें दें
-कूलर और फ्रिज का पानी समय-समय पर निकालते रहें
-घरों के अंदर विशेष सफाई रखें।
-घरों में पेयजल व्यवस्था के लिए रखी गई टंकियों को खुला न रखें
-मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें
-बुुखार आने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से उपचार लें
-झोलाछाप से उपचार लेने से बचें
----
वर्जन
पिछले कुछ दिनों से बुखार के मरीज बढ़े हैं। चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखें। अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त इलाज दिया जाएगा।
-डॉ. पीपी सिंह, सीएमओ।