09एमएनपी-18-जिला अस्पताल में भर्ती मरीज
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सोमवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बुखार से पीड़ित तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं, 14 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में 177 बुखार से पीड़ित मरीजों को प्राथमिक उपचार भी दिया गया।
शहर के मोहल्ला यादव नगर निवासी रामवीर सिंह की 13 वर्षीय पुत्री शैली को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। सोमवार को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुल्तानपुर निवासी 60 वर्षीय उमा देवी पत्नी प्रतिपाल सिंह को भी पिछले कुछ दिनों से बुखार की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी निवासी 61 वर्षीय गोविंदराम मिश्रा को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उन्हें शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हुई है। उसे गंभीर हालत में लाया गया था। वहीं, दो मरीज मृत अवस्था में लाए गए। परिजनों के अनुसार उन्हें बुखार आ रहा था।
- डॉ. आरके सागर, सीएमएस