कासगंज। जिले में बुखार का प्रकोप जानलेवा होने लगा है। सोमवार को बुखार से पीड़ित एक बालक की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंंचे बुखार पीड़ित तीन मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई जबकि आठ मरीज टाइफाइड संक्रमित निकले।
सोरोंजी के नगला उल्फत निवासी योगेंद्र के बेटे कपिल (10) की बुखार आने के दाैरान माैत हो गई। मृतक के मामा श्याम सुंदर ने बताया कि भांजे को सुबह 10 बजे काफी तेज बुखार आया। बुखार आने पर उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जिले में मलेरिया के मामलों में भी इजाफा हो रहा है। सोमवार को कुल 2701 मरीज जिला अस्पताल आए। इनमें से 320 मरीज बुखार की शिकायत लेकर आए। बुखार के 156 मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिले। इनमें से अमांपुर के हर्राजपुर निवासी बबलू की बेटी खुशी (7), रामपुर कांतोर निवासी श्यामादेवी (65) और यशोदा (60) में मलेरिया की पुष्टि हुई। 156 मरीजों की टाइफाइड की जांच में आठ मरीज टायफाइड पीड़ित मिले।
वर्जन
परिजन ने बालक को तेज बुखार की शिकायत बताई थी। रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी। जिला अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस