पुलिस लाइन का निरीक्षण करते एसपी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कहा कि अपराधियों के बीच पुलिस का भय नजर आना चाहिए। एसपी ने कहा कि सभी थानेदार अपराधियों की सूची बनाएं। अपराधियों की निगरानी की जाए।
पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को एसपी अशोक कुमार राय ने सभी प्रभारी और थानाध्यक्ष के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान थानावार दर्ज आपराधिक मामले व उनमें पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का ब्योरा तलब किया।
एसपी ने अधीनस्थों से स्पष्ट कहा कि अपराधी जनपद में पनपने नहीं चाहिए। जनता से पुलिसकर्मी अच्छा व्यवहार करें, पुलिस व जनता के बीच सामंजस्य अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बेहद अहम कड़ी साबित होगी। चोर, लुटेरे व अन्य आदतन अपराधियों की क्षेत्रवार सूची तैयार करें। इनकी गतिविधियों की निगरानी करें। बीट आरक्षी अपने क्षेत्र में भ्रमण कर जनता के बीच जाकर सूचनाओं का संकलन करें।
बैठक के दौरान वांछित अपराधियों की धरपकड़ व लंबित चल रही विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। इस मौके पर एएसपी मधुवन कुमार, सीओ लाइन संतोष सिंह, आरआई ब्रजपाल सिंह, प्रभारी, थानाध्यक्ष मौजूद रहे।