जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कन्नौज से आए एक शख्स ने पुलिस को बताया कि जिस बेटी की एक महीने बाद शादी है, वही एक युवक के साथ नकदी व जेवर लेकर चली गई। आरोपी युवक के वह घर पहुंचा, तो उसकी पिटाई की गई।
उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के कस्बा भोगांव में कन्नौज से एक शख्स अपनी बेटी की तलाश करते हुए पहुंचा। कस्बा निवासी एक युवक कन्नौज की रहने वाली युवती को अपने साथ ले आया है। युवती की एक माह बाद शादी है। परेशान पिता ने शुक्रवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुत्री को ढूंढने व आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कन्नौज से आए शख्स ने पुलिस को बताया कि वह गाजियाबाद में रहता है। वहां एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी बेटी की एक महीने बाद शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच बुधवार को उसकी पुत्री अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली, तो वह परेशान हो गया। कुछ लोगों से उसे पता चला कि बेटी को भोगांव थाना क्षेत्र के छोटा बाजार निवासी एक युवक अपने साथ ले आया है।
इसकी जानकारी मिलने के बाद वह शुक्रवार को कन्नौज से भोगांव आया। वह सीधे आरोपी युवक के घर पहुंचा, जहां उसके घरवालों से बात हुई। आरोपी युवक के पिता ने उसकी कोई बात नहीं सुनी। जब उसने आरोपी युवक के बारे में जानकारी मांगी तो उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद पीड़ित पिता थाने में पहुंचा। उसने बेटी को ढूंढने व आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।