फतेहपुर सीकरी स्मारक के लिए एक साल पहले बनाया गया पाथवे बेहद खतरनाक हो गया है। यहां आए दिन कोई न कोई पर्यटक गिरकर घायल हो रहा है। मंगलवार को इंग्लैंड की महिला पर्यटक यहां ठोकर खाकर गिर गईं, जिससे उनको चोट आई है।
फतेहपुर सीकरी के गुलिस्ता वाहन पार्किंग से सीएनजी बस पार्किंग तक जाते समय पाथवे के ऊंचे नीचे स्थान पर इंग्लैंड की वृद्ध महिला ठोकर लगने से घायल हो गईं। इस हादसे के चलते पूरा दल बिना स्मारक अवलोकन के ही लौट गया।
विज्ञापन
इंग्लैंड की 80 वर्षीय मेरी पैट्रिशिया अपने मित्रों के साथ आगरा से कार से सीकरी में गुलिस्ता कार पार्किंग पहुंची थी। वहां से गाइड शाहिद हुसैन के साथ पाथवे से स्मारकों तक जाने के लिए सीएनजी पार्किंग जा रही थी कि टॉयलेट के समीप असमतल पाथवे पर महिला पर्यटक मेरी पैट्रिसिया अचानक ठोकर लगने से गिर पड़ीं।
गिरने से उनके पैर और चेहरे पर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत मदद की और प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। लेकिन, अधिकारियों की गैरमौजूदगी और तुरंत कोई सहायता न मिलने से पर्यटक दल असहज महसूस करने लगा। उन्होंने वापस लौटने का फैसला किया।
विज्ञापन
वे लोग स्मारकों का अवलोकन किए बगैर अगले गंतव्य जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए। इस घटना ने पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें विगत वर्ष ही उक्त पाथवे स्थल पर विगत वर्ष ही इंटरलॉकिंग की गई है, जो पूरी तरह असमतल है।
इसकी शिकायत किए जाने पर एडीए की टीम ने निरीक्षण भी किया था। जबकि अन्य पूरे पाथवे पर लाल पत्थर लगा हुआ है। लाल पत्थर के बने हुए पाथवे भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के चलते पर्यटकों के चोटिल होने का कारण बनता है। इस पाथवे पर केवल बीच में ही रैम्प बनाने के चलते पर्यटक अचानक गिरकर चोटिल हो जाते हैं।