थाना रामगढ़ क्षेत्र निवासी युवती ने हसमत नगर निवासी राशिद से प्रेम विवाह किया था। 31 अक्टूबर 2023 को विवाह के बाद उसने 8 नवंबर 2023 को अपना घर छोड़ दिया। इस मामले में युवती की मां ने थाना रामगढ़ में राशिद और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन युवती ने ससुराल वालों का पक्ष लेते हुए मायके पक्ष के खिलाफ बयान दिए। लड़की के बयानों के बाद मुकदमा खत्म हो गया, लेकिन युवती के जीवन में नई कठिनाई शुरू हो गई।
पीड़िता ने बताया कि उसने सोचा था कि अब सबकुछ ठीक चलेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शादी के बाद राशिद के तेवर बदल गए। वो उससे दूर-दूर रहने लगा। वहीं ससुराल वाले भी उस पर मायके वालों से पैसे लाने का दबाव डालने लगे। ससुराल वालों का कहना था कि शादी के दौरान हुए मुकदमे में काफी खर्चा हो गया, वो पैसा उसे मायके से ही लाना होगा।
पीड़िता ने जब बातों को अनसुना करना शुरू किया, तो ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाने लगी। वहीं 22 सितंबर को जेठ ने उसके साथ छेड़खानी की। पीड़िता ने जब ससुराल वालों से शिकायत की, तो उसे ही धमकी दी जाने लगी। बताया कि उसे थाने जाने से भी रोका गया। वो मौका देखकर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति राशिद, ससुर हासिम, सास बानो बेगम, जेठ शाहिद, इरफान, जेठानी यासमीन, सरोज एवं ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।