मैनपुरी जिले में किसानों के रेल रोको आंदोलन के आह्वान पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट रहे। मैनपुरी रेलवे स्टेशन के साथ ही अन्य स्टेशनों पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष को घर में ही नजरबंद कर दिया गया। साथ ही तहसील अध्यक्ष भोगांव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
मथुरा जिले में भी जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) की चौकसी के कारण कहीं भी किसानों द्वारा किसी ट्रेन को नहीं रोका जा सका। राया रेलवे स्टेशन पर कुछ किसान विरोध करने के लिए आए लेकिन उस वक्त वहां पर कोई ट्रेन नहीं थी। पुलिस ने समझाया। इसके बाद किसान चले गए।
एटा जिले में किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में रेलवे स्टेशन और रेलवे ट्रैक पर धरना दिया। किसानों के आंदोलन को लेकर सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर सिविल पुलिस और रेलवे पुलिस बल तैनात रहा। किसानों के आंदोलन के चलते पुलिस ने रेलवे रोड स्थित क्रॉसिंग को बंद करवा दिया।
कासगंज जिले में रेल रोको आंदोलन को लेकर कड़ी सतर्कता रही। प्रदर्शन करते हुए रेलवे स्टेशन जा रहे किसानों को हजारा नहर पर रोक लिया गया। यहां से किसान ज्ञापन सौंपने के बाद वापस चले गए। रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस बल तैनात रहा। फिरोजाबाद जिले में भी पुलिस अलर्ट पर रही।