फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन: आगरा से एनएच-2 पर आठ दिसंबर तक नहीं चलेंगी दिल्ली जाने वाली बसें

Mon, 07 Dec 2020 12:08 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
बस अड्डे पर खड़ीं रोडवेज की बसें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आगरा से एनएच-2 होकर दिल्ली जाने वाली बस सेवा रविवार को भी बंद रही। आठ दिसंबर तक इस रूट से बसों को दिल्ली नहीं भेजा जाएगा। रविवार को मथुरा के लिए कम बसें निकाली गईं। सिरसागंज, कुबेरपुर में जाम लगाए जाने के कारण दोपहर के बाद इस रूट पर भी रोडवेज बसें कम गईं। आईएसबीटी, वाटरवर्क्स और रामबाग पर यात्री दो से तीन घंटे तक बसों का इंतजार करते रहे। 

विज्ञापन


एनएच-2 पर रविवार को रोडवेज बसों का संचालन कम रहा। पांच बसें पलवल तक भेजी गईं। दोपहर बाद मथुरा, फिरोजाबाद, कानपुर की ओर बसें भी इक्का-दुक्का ही निकलीं। इस कारण यात्रियों को मथुरा ही नहीं कानपुर और फिरोजाबाद जाने के लिए भी दो से तीन घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा। रोडवेज के अधिकारियों ने रविवार को ईदगाह से 12 बसों को यमुना एक्सप्रेसवे होकर नोएडा, दिल्ली तक भेजा, लेकिन इससे यात्रियों की दिक्कतें कम नहीं हो सकीं। 


सहालग का सीजन होने के कारण इस वक्त यात्रियों की संख्या ज्यादा है, और परिवहन निगम यात्रियों के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था नहीं कर सका। आईएसबीटी पर शाम को भी लखनऊ, कानपुर की बसें नहीं मिल सकीं। एनएच-2 होकर दिल्ली, नोएडा के बीच बसों के नहीं चलने से परिवहन निगम को दो दिन में आठ लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि बसों के लगातार निरस्त होने के कारण रोजाना करीब चार लाख का नुकसान हो रहा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

कानपुर के लिए नहीं मिली बस

यात्री धर्मवीर सिंह ने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए कानपुर जाना था मगर दोपहर को सिरसागंज में रास्ता बंद होने की जानकारी के बाद आईएसबीटी से बस नहीं मिली। यात्री भावना रौठार ने बताया कि दिल्ली के लिए वाया यमुना एक्सप्रेसवे होकर जाने वाली दो बसें निकल चुकी हैं। अब बस स्टैंड पर बताया गया कि शाम पांच बजे ही मिल सकेगी। पांच घंटे इंतजार करना पड़ेगा। 

रास्तों के बंद होने से बसों की किल्लत

आगरा फोर्ट डिपो के एआरएम जयकरन सिंह ने कहा कि कई रास्तों के बंद होने के कारण रोडवेज बसों के संचालन पर असर पड़ रहा है। यात्रियों के लिए पर्याप्त बसें हैं मगर रूट पर फंसने के कारण इनके लौटने में देरी हो रही है। एनएच-2 होकर  दिल्ली की बसें नहीं जा रही हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें