मथुरा जिले में किसान यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट पर जाम लगाएंगे। भाकियू मांट तहसील के अध्यक्ष रोहिताश चौधरी ने बताया है कि हरियाणा और पंजाब के किसान आंदोलन में किसानों के साथ हुई बर्बरता के विरोध में एक्सप्रेसवे के राया कट पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
इससे पूर्व गुरुवार को अखिल भारतीय किसान मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारियों ने कस्बा बाजना में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए किसान बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की और अध्यादेश वापस लेने की मांग की।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को मथुरा जिले से लगी यूपी- हरियाणा सीमा पर हरियाणा सरकार ने कड़ी सुरक्षा कर दी है। सीमा पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने यूपी से हरियाणा बॉर्डर पार करने वाली गाड़ियों को रोककर जांच पड़तालऔर पूछताछ की।