किसानों के गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के एलान पर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। आगरा जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। किसान नेताओं पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने शनिवार को गांव गढ़ी वृंदावन में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया को घर में नजरबंद कर दिया। उधर, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात से ही पुलिस तैनात है।
भाकियू जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया किसानों के साथ ट्रैक्टर रैली निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस गांव गढ़ी वृंदावन में पहुंच गई। ट्रैक्टर रैली को गांव में ही रोक दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष को घर में नजरबंद कर दिया गया है। रैली में शामिल होने के लिए कई किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे।
बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने का एलान किया है। भाकियू ने बुधवार को बरौली अहीर के पलावली स्थित किसान भवन पर पंचायत कर किसानों को 23 जनवरी को दिल्ली चलने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में किसान ट्रैक्टर से दिल्ली जाने की तैयारी में थे। उससे पहले ही पुलिस ने किसानों की ट्रैक्टर रैली को गांवों में ही रोक दिया।
ट्रैक्टर रैली निकालने के आव्हान पर शुक्रवार रात से ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस तैनात रही। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद प्रदीप कुमार ने बताया कि किसानों ने लखनऊ से ट्रैक्टर रैली निकालने का आह्वान किया है। इसी को लेकर एक्सप्रेसवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। उधर, शनिवार भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला महामंत्री राजेश शर्मा को दिल्ली जाने की सूचना पर पुलिस ने उनके पैतृक गांव गढ़ी गुसांई में नजरबंद कर दिया।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।