पटियाली (कासगंज)। सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव उस्मानपुर में पालेज किसान की गोली मार हत्या कर दी गई। किसान का शव देर शाम खेत में पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली का निशान था। किसान की मौत की गुत्थी हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है। ग्रामीण और परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस प्रथम दृृष्टया आत्महत्या मानकर चल रही है।
सिकंदरपुर वैश्य के उस्मानपुर निवासी रामसरन उर्फ मुल्ला (65) शनिवार शाम अपने पालेज के खेत पर था। वह तरबूज खरबूज की फसल की रखवाली कर रहा था। देर शाम संदिग्ध हालात में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। कुछ समय बाद रामसरन का पुत्र मुकेश खेत पर पहुंचा तो उसने पिता केा लहूलुहान हालत में देखा तो चीखपुकार मचा दी। चीखपुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि किसान की जेब में रखे रुपये भी गायब है। हालांकि पुलिस किसान की मौत का कारण आत्महत्या मानकर चल रही है। पुलिस ने बताया कि किसान की कनपटी पर गोली काफी पास से लगी है। हालांकि अभी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। सूचना पर सीओ और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हैं। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। एसओ सिकंदरपुर वैश्य हरीराम वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों ने कोई तहरीर अभी नहीं दी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होगी।