शहर के पॉवर हाउस कार्यालय पार धरना देते भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बिजली विभाग के विरोध में शुरू हुआ भारतीय किसान यूनियन का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि जब तक विभाग उनकी मांगें नहीं मान लेता है तब तक संघर्ष जारी रहेगा। अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के हक के लिए भाकियू संघर्ष करेगा।
गुरुवार को पॉवर हाउस पर आयोजित धरने में भाकियू अध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत ने कहा किसान पूरी दुनिया का पेट भरता है, लेकिन उसी का उत्पीड़न किया जाता है। बिजली विभाग किसानों को परेशान कर रहा है। बकाया के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। एक ओर जहां बिजली आपूर्ति कम मिल रही है तो वहीं बकाया बिल वसूल करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं कनेक्शन काटने और जोड़ने के नाम पर भी बिजली विभाग की ओर से छह सौ से एक हजार रुपये तक वसूल किए जा रहे हैं। जब तक मांगें पूरी नहीं की जाती तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर योगेंद्र प्रसाद दुबे, राजा ठाकुर, चरन सिंह यादव, अहिवरन सिंह यादव, रामनरेश पाल, उपेंद्र शाक्य, बेंचेलाल राजपूत, नरेंद्र यादव, सुरेश शाक्य, राकेश शर्मा, शिवचरन सिंह मौजूद रहे।