औंछा। जसराना मार्ग पर शनिवार की शाम किसी वाहन की टक्कर लगने से एक किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने मौत पर संदेह व्यक्त किया है।
थाना क्षेत्र के गांव बुढर्रा निवासी 45 वर्षीय किसान देवेंद्र सिंह यादव शनिवार को किसी काम से कस्बा गए थे। शाम करीब 7:30 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी जसराना मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक केभतीजे विश्वनाथ का कहना था कि बाइक जरा भी क्षतिग्रस्त नहीं हुई। हादसे में मौत की बात संदेहास्पद लग रही है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक ऋषि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।