न्यू आगरा क्षेत्र में रहने वाले हलवाई के घर से चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। हलवाई का पूरा परिवार शादी में शामिल होने के लिए गया था। घर वापस आने पर घटना की जानकारी हो सकी।
आगरा के न्यू आगरा के नगला पदी क्षेत्र में रहने वाले हलवाई सरजू बघेल शादी समारोह में जयपुर गए थे। चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर आभूषण और एक लाख रुपये चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
सरजू ने बताया कि वह जयपुर में शादी में खाना बनाने गए थे। पत्नी और बच्चे घर पर ताला लगाकर टेढ़ी बगिया क्षेत्र में शादी में शामिल होने गए थे। सुबह चार बजे पत्नी और बच्चे वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। अलमारी के ताले तोड़ चोर अंगूठी, चेन, झुमकी, मंगलसूत्र और एक लाख रुपये ले गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी। मौके पर फाॅरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच कराई। एक संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी में दिखा है। इंस्पेक्टर न्यू आगरा ने जल्द चोर को गिरफ्तार कर लेने की बात कही है।