आगरा के श्मशान घाट में चिता सजाने वाले युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसकी आंख फोड़ दी, जबड़ा तोड़ दिया और चेहरे को काट डाला गया। पुलिस हत्या के इस मामले में जांच में जुट गई है।
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के श्मशान घाट में चिता सजाने वाले शमसुद्दीन की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उन पर शनिवार रात में सोते समय हमला किया गया था। परिजन पोस्टमार्टम कराकर शव घर ले गए। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
शमसुद्दीन(27) ताजगंज के जलाल बुखारी मोहल्ले में रहते थे। तीन साल से ताजगंज श्मशान घाट में चिता सजाने का कार्य कर रहे थे। कभी-कभी वहीं रुक जाते थे। भाई बसरुद्दीन ने बताया कि रविवार को शमसुद्दीन के साथ कार्य करने वाले तीन लोग घर आए। उन्होंने भाई के अचेत अवस्था में घायल पड़े होने की सूचना दी।
वह श्मशान घाट गए। उनका जबड़ा टूटा और एक आंख बाहर निकली हुई थी। चेहरा खून से लथपथ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से शमसुद्दीन को एसएन इमरजेंसी भेजा वहां देर रात मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि जानलेवा हमला लग रहा है, सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।