मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिला मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर हुई। बैठक के दौरान वित्त एवं लेखा अधिकारी अनिल शर्मा से मोबाइल फोन पर वार्ता कर जिले में एनपीएस ग्रांट होने के बावजूद शिक्षकों के खातों में धनराशि प्रेषित न किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। लेखाधिकारी ने 15 दिसंबर तक शिक्षकों के खातों में एनपीएस ग्रांट प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया है।
जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि जिले में आगामी फरवरी तक की एनपीएस ग्रांट होने के बावजूद भी तीन माह से शिक्षकों के खाते में एनपीएस कटौती के धनराशि नहीं भेजी जा रही है। जिससे शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने लेखाधिकारी से सभी देयकों को समय से खातों में प्रेषित किए जाने की मांग की।
जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह ने कहा कि कार्यालय की लापरवाही शिक्षकों पर भारी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त ग्रांट होने के बावजूद भी लेखा कार्यालय द्वारा एनपीएस देयक बिल नहीं बनाया गया है जोकि साफ-साफ लेखा कार्यालय की लापरवाही को उजागर करता है।
बैठक में केपी सिंह, एमपी सिंह, योगेश यादव, कौशल गुप्ता, मनोज यादव, प्रदीप यादव, अभय चौधरी, दलवीर कठेरिया, अशोक शंखवार, सचिंदर चौहान, अशोक पाल आदि उपस्थित रहे।