कलक्ट्र्रेट सभागार में बैठक लेते जिलाधिकार।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक से अनुपस्थित खंड विकास अधिकारी किशनी, जिला उद्यान अधिकारी का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण शासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक लक्षित व्यक्ति का टीकाकरण कर उसे प्रतिरक्षित किया जाए। खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, लेखपालों, सचिवों, कोटेदारों का सहयोग लिया जाए। जनपद में टीकाकरण की प्रगति धीमी हुई है। सीएमओ प्रतिदिन टीकाकरण की गहन समीक्षा करें। परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना की प्रगति सुधारी जाए। महिला नसबंदी के लक्ष्य की पूर्ति की जाए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से कहा कि कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें। निर्माणाधीन गोशालाओं का निर्माण कार्य संबंधित कार्यदायी संस्था तत्काल पूर्ण कर हैंडओवर करें। श्रम प्रवर्तन अधिकारी से कहा कि ई श्रम कार्ड पंजीकरण कराए जाएं। परियोजना अधिकारी डूडा पूर्ण आवासों का स्वयं सत्यापन करें। सीडीओ विनोद कुमार, सीएमओ डॉक्टर पीपी सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एसएन मौर्य, परियोजना निदेशक केके सिंह, डीडीओ प्रवीन कुमार राय, उप निदेशक कृषि डीवी सिंह मौजूद रहे।