आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (नैक) टीम का निरीक्षण होना है। आवेदन से पहले विश्वविद्यालय प्रशासन खुद को मानकों के अनुरूप तैयार करना चाहता है। इसी उद्देश्य से नैक मुख्यालय से प्रो. डीके कांबले को व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया गया है। वह 29 जून 2022 को जेपी सभागार में नैक की अच्छी ग्रेडिंग पाने के लिए उपाय सुझाएंगे। करीब 100 नियमित और संविदा शिक्षक शामिल होंगे।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2017 में नैक की टीम का निरीक्षण कराया गया था, विश्वविद्यालय को बी प्लस-प्लस ग्रेड मिला। मई 2022 से ही नैक टीम का निरीक्षण कराना प्रस्तावित है। तैयारियां लंबे समय से चल रही हैं। विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की ओर से सभी विभागों और संस्थानों का पॉवर प्वाइंट प्रजेटेंशन प्राप्त किया जा चुका है। नैक टीम के निरीक्षण के संबंध में कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी भी निरीक्षण करने पहुंचे थे। विश्वविद्यालय के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) के निदेशक प्रो. वीके सारस्वत ने बताया कि अगस्त में नैक टीम का विश्वविद्यालय में निरीक्षण कराने की योजना है। उसी को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं।