गुरुग्राम से अपनी ससुराल जैतपुर आ रहे इटावा के युवक को जहरखुरानों ने लूटा
- फोटो : Agra Dehat
बाह। बस में बैठकर गुरुग्राम से अपनी ससुराल जैतपुर के मुकुटपुरा गांव आ रहे युवक ओमप्रताप को जहरखुरानों ने लूट लिया। इटावा के विधूना निवासी पीड़ित को रविवार सुबह बस अड्डे पर ससुराली लेने के लिए पहुंचे तो उसका सामान तो वहां मिला, लेकिन वह नहीं था। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो दोपहर बाद जरार में वह सड़क किनारे अचेत पड़ा मिला। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
विधूना निवासी ओमप्रताप गुरुग्राम में कारखाने में काम करता है। शनिवार को रात दस बसे वह वहां से अपनी ससुराल जैतपुर के मुकटपुरा गांव आने के लिए बस में सवार हुआ। रात 12 बजे तक ओमप्रताप की परिजनों से बात भी हुई। ओमप्रताप के ससुर शिवराम ने बताया कि उसने फोन से इसकी जानकारी दी थी। बाद में परिजनों ने उसे फोन किया तो उसकी मोबाइल फोन स्विच ऑफ जा रहा था।
सुबह ससुराली जब उसे बस स्टैंड पर लेने पहुंचे तो वहां उसकी बोरी, बाल्टी आदि सामान तो पड़ा था, लेकिन ओमप्रताप नदारद था। बाह थाने में सूचना देने के बाद ससुराली उसकी तलाश में लग गए। दोपहर बाद जरार में सड़क किनारे मंदिर के पास ओमप्रताप के बेहोश मिलने पर उनकी जान में जान आई। ओमप्रताप के होश में आने के बाद ही हुए नुकसान का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामला दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।