कासगंज। जिला निर्वाचन अधिकारी जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागर में राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। इसमें त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों और विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण की जानकारी दी गई। कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के तहत होगा।
एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण एक अक्तूबर से 12 नवंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर करेंगे। एक अक्तूबर से 5 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की अवधि और ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की घर-घर जाकर जांच करने की अवधि 6 से 12 नवंबर तय की है। 13 नवंबर से 5 दिसंबर तक ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार की जाएगी।
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 6 दिसंबर को होगा।
ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण तथा दावे व आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 से 12 दिसंबर तक है। इनका निस्तारण 13 से 19 दिसंबर होगा। पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी 20 से 28 दिसंबर तक और निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 29 दिसंबर को किया जाएगा।
अपर जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2021 के आधार पर होने वाले विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विषेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोग द्वारा नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को निर्धारित किया गया है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय, सपा के प्रतिनिधि हरीओम शर्मा, रालोद जिलाध्यक्ष शमीम अल्वी मौजूद रहे।