एटा। शहर के सैनिक पड़ाव में इस समय धूमधाम के साथ राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी-एटा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था को चौकस रखने के लिए 50 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। फिर भी मैदान में कई स्थान पर कूड़े के ढेर व गंदगी का जमावड़ा लगा दिखाई दे रहा है।
मुख्यालय पर स्थित सैनिक पड़ाव में प्रति वर्ष ही एटा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिला प्रशासन की देखरेख में लगभग एक माह तक विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक व सरकारी कार्यक्रम पंडाल में आयोजित किए जाते हैं। वहीं मैदान में दूर-दूर से आकर व्यापारी अपनी दुकानें लगाते हैं। बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए झूले व मनोरंजन के साधन भी यहां लगाए जाते हैं। महोत्सव में जिले के सुदूर इलाकों से भी लोग घूमने आते हैं।
एटा महोत्सव के मैदान सफाई व्यवस्था के लिए भी योजना बनाई जाती है। इसबार यहां साफ-सफाई के लिए पालिका व पंचायती राज विभाग से 25-25 सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके बाद भी जगह-जगह कूड़े के ढेर दिन भर लगे रहते हैं। मनोरंजन व खरीदारी करने आने वाले लोगों को गंदगी से जूझना पड़ता है। नगर पालिका के आरआई सुशील कुमार गिरि का कहना है कि प्रतिदिन सुबह व शाम दो बार सफाई कराई जा रही है। समय से कूड़ा उठवाया जा रहा है। इसके बाद भी अगर कहीं कोई समस्या है तो पता कर उसका निराकरण कराया जाएगा।