मैनपुरी। कोरोना संक्रमण के चलते दीवानी परिसर में चौकसी बढ़ा दी गई है। हाईकोर्ट की गाइड लाइन के बाद मंगलवार को सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती बरती। दीवानी में तारीख करने पहुंचे वादकारियों और पैरोकारों को मास्क नहीं लगा होने पर मुख्य द्वार से ही लौटा दिया गया। दीवानी परिसर में भी मास्क लगाए रहने की हिदायत दी गई।
जिला जज अनिल कुमार ने दीवानी में भीड़ का दबाव कम करने के लिए निश्चित मामलों की ही सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं। काम समाप्त होने के बाद वादकारियों और पैरोकारों सहित वकीलों को न्यायालय कक्ष छोड़ने की हिदायत दी गई है। हाईकोर्ट की गाइड लाइन के तहत सुरक्षा कर्मियों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को सुबह से ही मुख्य द्वार पर तैनात पीएसी और पुलिस के जवानों ने चौकसी बरती। दीवानी परिसर में बिना मास्क लगाए किसी को भी नहीं जाने दिया। बिना मास्क लगाए तारीख करने पहुंचे वादकारियों और पैरोकारों को मुख्य द्वार से ही लौटा दिया गया। जिनको दीवानी परिसर में प्रवेश दिया गया उनको भी हिदायत दी गई कि परिसर के अंदर मास्क लगाकर ही रहें।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि दीवानी न्यायालय परिसर के आठ कक्षीय भवन में टीकाकरण शिविर लगाया गया है। कोरोना की जांच भी की जा रही है। सभी कर्मचारियों को टीकाकरण कराने की हिदायत दी गई है। न्यायालय कक्ष सहित कार्यालयों में सभी कर्मचारियों को मास्क लगाने के निर्देश दिए गए हैं।