हफ्ते में एक दिन कार नहीं चलाने के लिए पोस्टर से जागरूक करते चेंबर पदाधिकारी स्त्रोत संगठन
आगरा। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के पदाधिकारियों ने रविवार को जीवनी मंडी सभागार में ईंधन की बचत के लिए सप्ताह में कम से कम एक दिन कार न चलाने का संकल्प लिया। साथ ही डीएम को पत्र लिखकर कार फ्री डे घोषित करने की मांग की।
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री की तेल बचाओ मुहिम के तहत रविवार को जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। अध्यक्ष ने सभी व्यापारियों और शहरवासियों से आह्वान किया कि वे औद्योगिक क्षेत्रों और अपने प्रतिष्ठानों तक जाने के लिए कारपूलिंग (साझा वाहन) का प्रयोग करें।
चैंबर पदाधिकारियों ने स्वयं से इस अभियान की शुरुआत की। साथ ही, जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शहर में सप्ताह का एक दिन कार फ्री डे घोषित करने का अनुरोध किया है।
पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि हमें कोविड जैसी आपात स्थिति मानकर तेल बचाना चाहिए। स्वेच्छा से एक दिन कार न चलाने पर देश का लाखों लीटर ईंधन बचेगा। पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने बताया कि वाहनों का प्रयोग कम होने से प्रदूषण घटेगा और विदेशी मुद्रा की बचत कर हम अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकेंगे।
अध्यक्ष मनोज बंसल ने नागरिकों से छोटी दूरी के लिए साइकिल चलाने, पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की। पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपाध्यक्ष नीतेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष शलभ शर्मा, संजय गोयल आदि मौजूद रहे।