कभी जिस भाई के पास की खबर सुनकर ही बधाई देने के लिए दौड़ पड़ती थीं, आज जब उन्हें ‘भारत रत्न’ मिला तो वह फोन पर भी बधाई नहीं दे सकीं। उम्र के आगे इधर बहन बेबस और उधर भाई। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को जब राष्ट्रपति ने भारत रत्न से सम्मानित किया तो उनकी छोटी बहन कमला दीक्षित टीवी के सामने बैठकर बस एकटक देखती रहीं। बहुत कुछ कहना और सुनना चाहती थीं, लेकिन न तो अटल अब ज्यादा बोलने की स्थिति में हैं और न ही कमला दीक्षित। ऐसे में भाई-बहन के जजबात फोटो को सीने से लगाकर बधाई देने तक ही सिमटकर रह गए।
शुक्रवार को दिल्ली में अटल बिहारी बाजपेयी को जब राष्ट्रपति ने उनके घर पहुंचकर ‘भारत रत्न’से सम्मानित किया तब उनकी छोटी बहन प्रतापनगर निवासी कमला दीक्षित अपने परिवार के साथ टीवी पर उन्हें देख रहीं थीं। ऐसे लम्हों में जब भाई की तस्वीर धुंधली सी दिखाई देने लगी तो एक पुरानी तस्वीर उठाकर उन्हें इस सम्मान को पाने पर बधाई दी। बता दें कि पिछले महीने ही कमला दीक्षित के पति नंदलाल दीक्षित का निधन हुआ था। उनकी पुत्रवधु निर्मला दीक्षित का कहना है कि मामा जी (अटल बिहारी) को काजू की बर्फी बहुत पसंद है। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार जल्द ही उन्हें बधाई देने के लिए दिल्ली जाएगा। बकौल निर्मला दीक्षित, अटल जी को भारत रत्न काफी पहले मिल जाना चाहिए था। देर शाम तक कमला दीक्षित के यहां भी बधाई देने के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा।
इनसेट
भाजपाइयों ने हर्ष व्यक्त किया
आगरा। अटल बिहारी बाजपेयी को भारत रत्न दिए जाने पर भाजपाइयों ने भी हर्ष व्यक्त किया है। इस मौके पर मिठाई बांटी। ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष अशोक राना, महानगर अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद दुबे गामा, डा. मंजू बंसल, केके भारद्वाज, सुमित उपाध्याया, बॉबी वर्मा आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।