मैनपुरी। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में शासन से मांगों को लेकर सहमति के बाद भी शीर्ष प्रबंधन पर तानाशाही का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
कलक्ट्रेट पहुंचे कर्मचारियों ने अपर जिलाधिकारी रामजी मिश्र और राजस्व अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्राविधिक कर्मचारी बीते एक साल से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। फरवरी में ऊर्जामंत्री ने मांगे मानने का आश्वासन दिया था। तीन बार प्रदेश स्तर पर हुई वार्ता में मांगों को लेकर सहमति भी बनी। इसके बाद भी तानाशाही रवैया अपनाते हुए मांगों के संबंध में आदेश जारी नहीं किया गया है। कहा कि अगर जल्द ही इस पर विचार न किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान हृदेश कुमार, नीरज कुमार तिवारी, अनिल कुमार राठौर, जितेंद्र सिंह, कृष्णकांत सोलंकी, हृदय परमार आदि मौजूद रहे।