04एमएनपी-33- किशनी ब्लॉक में मतपेटिकाओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस
- फोटो : MAINPURI
किशनी/बरनाहल। किशनी और बरनाहल ब्लॉक की दो ग्रामसभाओं में तीन फरवरी को प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव के मतदान की मतगणना पांच फरवरी को ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। मतगणना कराने केे लिए प्रशासन ने चाकचौबंद व्यवस्थाएं कर ली हैं। सुरक्षा केे लिहाज से ब्लॉक मुख्यालयों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है।
विकासखंड किशनी की ग्रामसभा हिरौली और विकास खंड बरनाहल की ग्रामसभा इकहरा में प्रधान पद रिक्त होने के कारण तीन फरवरी को संबंधित ग्रामसभाओं में उपचुनाव कराया गया था। मतदान कराने केे बाद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच विकासखंड कार्यालय में रखा गया है। मतपेटिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल को तैनात है। पांच फरवरी को सुबह आठ बजे से ब्लॉक किशनी के सभागार में ग्रामसभा हिरौली और ब्लॉक बरनाहल के सभागार में ग्रामसभा इकहरा के प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शुरू होगी। मतगणना के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। एसपी ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों ब्लॉक मुख्यालयों पर पुलिस बल तैनात किया है।