मैनपुरी।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को चलाए गए अभियान में दूध, मावा, पनीर समेत कुल आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। एक विक्रेता को बिना पंजीकरण कारोबार करने पर नोटिस जारी किया गया है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. टीआर रावत के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर व दन्नाहार और घिरोर क्षेत्र में अभियान चलाया। शहर के हरिदर्शन नगर में संचालित शिवम यादव के पनीर निर्माण केंद्र पर पहुंची। यहां बिना पंजीकरण के पनीर का निर्माण किया जा रहा था। संचालक को नोटिस देने के साथ ही दूध का नमूना जांच के लिए भरा। साफ-सफाई न मिलने पर चेतावनी दी। टीम ने एके ट्रेडर्स हरिदर्शन नगर से बेसन और सौंफ का नमूना लिया। यहां भी साफ-सफाई न मिलने पर नाराजगी जताई। टीम घिरोर स्थित सर्वेश गुप्ता की दुकान पर पहुंची। यहां खाद्य पदार्थ का रखरखाव सहीं नहीं मिला। पंजीकरण को लाइसेंस में परिवर्तित कराने के आदेश दिए। बेसन का नमूना जांच के लिए भरा। घिरोर के ही हरीबाबू अग्रवाल की दुकान से रंगीन कचरी और सरसों के तेल का और भोले मिष्ठान भंडार गोपीनाथ बस अड्डा मैनपुरी से पनीर और मावा का नमूना लिया। भोले मिष्ठान भंडार के संचालक कुलदीप को पंजीकरण को लाइसेंस में परिवर्तित कराने के निर्देश दिए। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, डीके वर्मा और एसबी सिंह शामिल रहे।