मैनपुरी। शनिवार को जिले के 55 स्थानों पर कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए संदिग्धों की जांच कराई गई। इस दौरान मंडी सचिव सहित जिले में आठ कोरोना संक्रमित मिले। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों के साथ ही बाहर से आने वालों की कोरोना जांच कराई जा रही है। शनिवार को आई रिपोर्ट के अनुसार नवीन गल्ला मंडी मैनपुरी के सचिव सहित आठ संक्रमित मिले हैं। मंडी सचिव पिछले दिनों दुर्घटना में घायल हुए थे। उपचार के दौरान जब उनकी कोरोना जांच कराई गई तो वे संक्रमित निकले। सीएमओ ने बताया कि जिले में एक्टिव केस मात्र 127 हैं। जिन लोगों में भी कोरोना के लक्षण दिखें वे जांच अवश्य करा लें।
9200 लोगों का लगाया गया टीका
शनिवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 169 स्थानों पर शिविर लगाकर लोगों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान जिले में कुल 9200 लोगों को टीकाकरण किया गया। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पहला टीका लगवा लिया है वे निश्चित अवधि में दूसरा टीका अवश्य लगवा लें।