खराब खानपान, तनाव और कम नींद लोगों को बीमार बना रही है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय की बीमारियां 35-40 की उम्र में तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते स्वस्थ लोगाें के मुकाबले औसत आयु 10 साल कम हो रही हैं। इससे चिकित्सक भी अछूते नहीं है। आवास विकास कॉलोनी स्थित होटल में बोदला सिकंदरा डॉक्टर एसोसिएशन की कार्यशाला में डॉक्टराें ने इस पर चिंता जताई।
मुख्य वक्ता हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार गुप्ता ने कहा कि कार्य का दबाव, अच्छा वेतन और मनमाफिक तरक्की न मिलना समेत अन्य वजह से युवा तनाव में हैं। इनके सोने का समय भी रात औसतन एक से दो बजे है। खानपान में भी जंक-फास्ट फूड अधिक इस्तेमाल करते हैं। इससे शुरुआत में धड़कन, बीपी गड़बड़ाने के बाद मधुमेह, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप की दिक्कत बन रही है।
इससे चिड़चिड़ापन, सोचने-समझने, याद करने, निर्णय लेने और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता प्रभावित होती है। लकवा का खतरा भी है। ऐसे मरीज स्वस्थ लोगों के मुकाबले 10 साल कम जी रहे हैं। इससे चिकित्सक भी प्रभावित हैं। अध्ययन के अनुसार 82 फीसदी डॉक्टर तनाव में हैं। 56 फीसदी 7-8 घंटे से कम नींद ले रहे हैं।
एसएन कॉलेज के डॉ. प्रशांत लवानियां ने सर्जरी की नई विधियों के बारे में भी व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनूप दीक्षित, डॉ. पंकज नगायच, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, डॉ. मुकेश, डॉ. योगेश सिंघल, डॉ. अंजना, डॉ. अतुल शर्मा, डॉ. सुदीप आदि मौजूद रहे।
ये करें :
- अपना सर्वश्रेष्ठ करें, जो सोचें वही करें।
- लगातार 7-8 घंटे की नींद जरूर लें।
- व्यक्तिगत-व्यावसायिक कामकाज का समायोजन करें।
- सभी से अच्छा व्यवहार करें, योग-ध्यान करें।
- नियमित व्यायाम और पौष्टिक आहार लें।
- धूम्रपान, जंक फूड से बचें।