नवरात्र को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने अपील की है कि कुट्टू के आटे का सेवन करते समय सावधानी बरतें। मिलावटी और घटिया कुट्टू का आटा, बीमार कर सकता है।
आगरा में नवरात्र पर कुट्टू के आटे की मांग सबसे ज्यादा है। मिलावटी और घटिया खाने से बीते साल आगरा-मथुरा में 500 से अधिक लोग बीमार पड़ गए थे। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रावतपाड़ा में 70 किलो घटिया कुट्टू का आटा सीज किया है। कुट्टू के आटे समेत 10 खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं।
जांच के लिए लगाई गईं छह टीम
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शशांक त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्र में मिलावटी सामान की जांच के लिए 6 टीमें लगाई हैं। रविवार को रावतपाड़ा में मनोज अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर 70 किलो कुट्टू का आटा मिला। ये खुला हुआ था, जिसमें नमी थी और घटिया प्रतीत हो रहा था, इससे सेहत को नुकसान की आशंका को देखते हुए सीज कर दिया है।
यहां की एफएसडीए ने कार्रवाई
इसकी कीमत 11,200 रुपये है। इसके अलावा रावतपाड़ा आदर्श किराना स्टोर से छुआरा, फतेहाबाद रोड स्थित प्राचीन पेठा स्टोर से रसभरी पेठा, मऊ से सेवईं, न्यू कृष्णा इंटरप्राइजेज से घी, बाकलपुर से खोआ, खटीकपाड़ा से आटा, बटरमिल्क, सिविल लाइंस से सरसों के तेल, तोता के ताल से सेंधा नमक, कुट्टू का आटा का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कराया जाएगा।