शहर में सड़कों को खोदकर डाल दिया गया। कहीं काम पूरा होने पर गड्ढे नहीं भरे गए तो कहीं काम बहुत धीमे पांच महीने से चल रहा है। अमर उजाला टीम ने पूरे शहर का जायजा लिया तो 40 जगह सड़कें खोदी हुई मिली। इससे धूल उड़ रही है, लोग परेशान हो रहे हैं।
सीवर लाइन के लिए भगवान टॉकीज पर दो महीने पहले सड़क खोदी गई, नाले के लिए सर्किट हाउस के पास पांच महीने, एमजी रोड पर सूरसदन में आठ दिन से काम चल रहा है, बोदला चौराहा पर दस दिन पहले सीवर लाइन के लिए की गई खोदाई के बाद गड्ढों को नहीं भरा गया।
सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई लोहामंडी-बोदला रोड पिछले चार महीने पहले खोदी गई, अब तक नहीं बनी। आगरा किले के बाहर नाला के लिए की गई खोदाई अधूरी छोड़ दी गई है। हरीपर्वत और आगरा कॉलेज के सामने पानी की लाइन के लिए सड़क खोदी गई है। इसे भरा नहीं गया है। बिजली और टेलीफोन के तार डालने के लिए भी सड़कें खोदी जा रही हैं।
हलवाई की बगीची में ग्रीन गैस के लिए जो गड्ढा किया गया, उसे भरकर सड़क नहीं बनाई गई। फतेहाबाद पर स्मार्ट सिटी के तहत नाले के लिए सड़क खोदी गई। काम अधूरा पड़ा है।
महापौर नवीन जैन का कहना है कि सड़कों की खोदाई करना और फिर ऐसे ही छोड़ देना गंभीर मामला है। जिन एजेंसियों ने भी सड़कें खोदी हैं, उन सभी को अगले सदन में तलब किया गया है। एनओसी के बगैर खोदाई करने, खोदाई के नियमों का पालन न करने, सड़क को फिर से ठीक न करने के संबंध में इनके अफसरों से सवाल किए जाएंगे।
सड़क खोदने वाली एजेंसियों पर नगर निगम ने छह महीने में एक करोड़ का जुर्माना लगाया है। इनमें से 70 फीसदी मामले बगैर एनओसी के सड़क खोदने के हैं। 30 फीसदी ऐसे हैं जिनमें खोदाई के बाद सड़क को फिर से पहले जैसी स्थिति में नहीं किया गया।
डेयरी संचालक सोमवीर का कहना है कि ग्रीन गैस खोदाई के बाद मिट्टी सड़क पर छोड़ गई। दुकान के बाहर रास्ता बंद हो गया था। मैंने मजदूर बुलाकर 300 रुपये खर्च करके मिट्टी हटवाई है। मेडिकल स्टोर संचालक संदीप का कहना है कि खोदाई के कारण उड़ रही धूल से परेशानी है। दिन में तीन बार पानी छिड़कते हैं, दुकान में चार बार सफाई करते हैं।
बोदला में सड़क खोदाई से ट्रैफिक जाम
छात्रगोविंद का कहना है कि चौराहे पर ही सड़क खोदकर डाल दी है। ट्रैफिक जाम हो रहा है। कोई देखने वाला नहीं है। गृहणी राजकुमारी का कहना है कि धूल के कारण चौराहे से निकलना मुश्किल हो गया है। बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है।
334 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर है धूलकण
6 गुना ज्यादा हो गए हैं हवा में सूक्ष्म धूल कण
114 माइक्रोग्राम है मोनोक्साइड की मात्रा
28 गुना ज्यादा पहुंच गया मोनोक्साइड
12 प्रमुख सड़कों, क्षेत्रों में हो रही है खोदाई