आगरा की पॉश कॉलोनी कमला नगर में शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार से कार दौड़ दी। कार की चपेट में कई लोग आ गए। इसके बाद बेकाबू कार खड़ी कार से जा टकराई।
घटना में एक्टिवा सवार घायल हो गया। अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस चालक को पकड़कर थाने ले गई।
घटना सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे की है। कमला नगर के सी ब्लॉक में तेज गति से आती कार ने एक्टिवा सवार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक कार दौड़ा दी।
इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। कार चालक शराब के नशे में धुत था। इससे अनियंत्रित हुई कार कॉलोनी में एक घर के सामने खड़ी कार से जा टकराई गई। इसके बाद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया।