आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी में दरोगा और सिपाही से हाथापाई करने के आरोपी और उसके भाई से पुलिस ने 1.400 किलोग्राम डायजापाम पाउडर बरामद किया है। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया।
ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी ललित शर्मा उर्फ छोटू पंडित और उसके भाई शिवम को शुक्रवार शाम चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह परमार और सिपाही पवन ने पकड़ा था। दोनों दरोगा और सिपाही से भिड़ गए थे। घटना के वीडियो भी वायरल हुए थे। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि दोनों के पास से 1.400 किलोग्राम डायजापाम पाउडर बरामद किया गया। ललित पर पहले से पांच मुकदमे दर्ज थे। अब उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट मेें भी मामला लिखा गया है। उसके भाई के खिलाफ भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।