आवास विकास कालोनी के सेक्टर चार में दवा व्यापारी के बेटे के साथ कार सवारों ने मारपीट की। इस दौरान उसे कार में खींचने का प्रयास किय गया। ये देख मौके पर दुकानदारों की भीड़ जुटना शुरू हो गई, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
आवास विकास कालोनी के सेक्टर चार में बीएस पैलेस अपार्टमेंट के बाहर दवा व्यापारी नरायन दास के बेटे के साथ पांच युवकों ने मारपीट की। कार में खींचकर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर अपार्टमेंट के दुकानदारों और परिजनों के आने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
आवास विकास कालोनी स्थित बीएस पैलेस अपार्टमेंट निवासी नरायन दास ने बताया कि वो हॉस्पिटल में दवाओं की सप्लाई करते हैं। बेटे निखिल देवनानी ने अप्रैल 2021 में ऑनलाइन कपड़ों का काम शुरू किया था। 45 दिन पहले यह काम बंद कर दिया। वह सागानेर, जयपुर के व्यापारी सुरेश उर्फ सनी सहित अन्य से माल लेते हैं। काम बंद करने से सनी रंजिश मान गया। वह माल लेने का दबाव बना रहा था।
आरोप है कि 25 मार्च को सुबह तकरीबन 8:30 बजे निखिल एक्टिवा निकालकर दूध लेने जा रहा था। तभी सनी अपने चार साथियों के साथ पहुंचा। वह एक कार से आए थे। निखिल को पकड़ लिया। उसे उठाकर कार की तरफ ले जाने लगे। उसके विरोध करने पर निखिल की पिटाई भी की। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर अपार्टमेंट के दुकानदार आ गए। कुछ निखिल को बचाने के लिए दौड़े तो कुछ ने परिजनों को सूचना दी। लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
विज्ञापन
नरायन दास ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस चौकी पर पहुंचकर दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद जांच की। लोगों से पूछताछ के बाद चली गई। उनसे तहरीर ले ली। मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरक्षक प्रवींद्र कुमार सिंह का कहना है कि सनी सहित पांच अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है।
चार दिन बाद दर्ज की रिपोर्ट
नरायन दास के मुताबिक, उन्होंने पुलिस को बताया था कि बेटे को युवक कार में खींचकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बारे में पुलिस को बताया। मगर, पुलिस ने मारपीट की तहरीर ही ली। इसके बाद जांच की गई। मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में अपहरण के प्रयास की धारा नहीं लगी है।