रेलकर्मी की मौत के बाद टूंडला पहुंचे डीआरएम अमिताभ कुमार
- फोटो : अमर उजाला
एफएच मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन रेल कर्मचारी की आत्महत्या के बाद मंडल रेल प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद (डीआरएम) अमिताभ कुमार गुरुवार सुबह टूंडला पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित व संदिग्ध कर्मचारी निजी अस्पताल में नहीं रहेंगे। उन्हें रेलवे अस्पताल में रखा जाएगा।
अमिताभ कुमार ने रेलवे अस्पताल का निरीक्षण भी किया। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड को देखा। डीआरएम ने एफएच मेडिकल कॉलेज से लाए क्वारंटीन रेलकर्मियों और उनके परिवारीजनों से मुलाकात कर उनकी हर संभव मदद का आश्वासन देकर हौसला बढ़ाया। अधिकारियों व चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में लापरवाही न बरती जाए।
बता दें कि आगरा हाईवे स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन रेलकर्मी ने बुधवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतक रेलकर्मी को रेलवे के एक संक्रमित अधिकारी के संपर्क में आने पर 20 अप्रैल को क्वारंटीन किया गया था। मृतक रेलकर्मी के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि सुसाइड नोट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।