डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन के नोटिस के बाद आगरा मंडल के 15 परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कंट्रोल रूम से जुड़ गए हैं। जुड़े हुए सभी केंद्र परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम में नजर नहीं आ रहे हैं, वजह यह है कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद मिल रहे हैं। इनको नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।
विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में स्थापित कंट्रोल रूम की रिपोर्ट के मुताबिक 26 मई को आगरा मंडल में पहली पाली में 215, दूसरी पाली में 03 और तीसरी पाली की परीक्षा में 223 केंद्रों पर परीक्षा थी। पहली पाली में 76, दूसरी पाली के सभी 03 और तीसरी पाली के 80 परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से जुड़े, इनमें से पहली पाली में 48, दूसरी पाली में 02 और तीसरी पाली में 46 केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे परीक्षा के दौरान बंद पाए गए।
कंट्रोल रूम से विश्वविद्यालय के अधिकारियों को जिन केंद्रों के कैमरे बंद मिले, उनके कोड के साथ जानकारी दे दी गई है। मंडल में 235 परीक्षा केंद्र हैं। पहले 92 परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से नहीं जुड़े थे, इन्होंने गूगल फॉर्म नहीं भरा था। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नोटिस जारी करने के बाद 15 और परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से जुड़ गए हैं। अब 77 परीक्षा केंद्र रह गए हैं, जो अभी तक नहीं जुड़ पाए हैं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि जो परीक्षा केंद्र रह गए हैं, उन्हें फिर से नोटिस दिया जाएगा, इनका प्रकरण यूएफएम कमेटी में भी रखा जाएगा।