मैनपुरी। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आगरा रोड रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में शनिवार को रावण वध लीला का मंचन किया गया। रावण वध होते ही लोगों ने जयश्रीराम के जयकारे लगाए। रामलीला मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेधनाद के पुतले जलाए गए।
रामलीला मंचन के दौरान शनिवार कोराम और रावण के बीच घमासान युद्ध होता है। रावण रथ पर है और रामजी पैदल। यह देखकर देवताओं के राजा इन्द्र राम जी सहायता के लिए अपना रथ भेजते हैं। दोनों ओर से जमीन के साथ ही आकाश में भी युद्ध होता है। राम रावण का एक-एक कर सिर काटना शुरू करते हैं मगर उनकी जगह रावण के नया सिर निकल आते हैं। राम यह देखकर असमंजस में हैं तब विभीषण बताते हैं कि रावण की नाभि में अमृत है जो उसे जीवित रखता है। यह जानकर राम रावण की नाभि के अमृत को बाण मारकर सुखा देते हैं। तत्पश्चात राम रावण का वध कर देते हैं।
मंचन के दौरान कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद भदौरिया, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, सीओ सिटी अभय नारायण, दिगंबर सिंह भदौरिय, वीर सिंह भदौरिया, रमेश चंद्र सराफ, सुरेश चंद्र, बीनू बंसल, अनिल अग्रवाल, अशोक गुप्त, पूर्व पालिकाध्यक्ष आलोक गुप्ता, शिवराम तिवारी, आदि लोग मौजूद रहे।
------
पंजाबी कॉलोनी के पास जलाया रावण का पुतला
शहर में स्टेशन रोड मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी के गेट पर मोहल्ले के लोगों ने असत्य के प्रतीक रावण का पुतला जलाया। इस दौरान यहां मेले जैसे हालात रहे। सुरक्षा की दृष्टि यहां पुलिस बल तैनात रहा।