कासगंज। नगला भभूती में सोमवार खूंखार कुत्तों के हमले से मासूम की मौत के बाद मंगलवार को गांव नगला डोरई में खूंंखार कुत्तों ने एक किशोरी पर हमला बोल दिया। किशोरी के शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण डंडा लेकर पहुंच गए और किशोरी को बचा लिया। इस घटनाक्रम से डोरई गांव के लोग भी दहशत में आ गए।
नगला भभूती में मासूम को कुत्तों ने नोंच-नोचकर मार दिया था। घटना को बीते 24 घंटे भी नहीं हुए कि गांव डोरई में खूंखार कुत्तों ने किशोरी को निशाना बनाने का प्रयास किया। वो तो अच्छा था किशोरी सतर्क थी और कुत्तों के हमला करने से पहले ही उसने शोर मचा दिया। प्रत्यदर्शी ने बताया कि डोरई गांव में राखी पुत्री मौहर सिंह खेत से घर आ रही थी। उसी समय खूंखार कुत्तों ने हमले की कोशिश की, लेकिन किशोरी के चिल्लाने पर ग्रामीणों ने कुत्तों को दौड़ा दिया। घटना के बाद से डोरई गांव में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर चल रहे हैं। भभूति गांव के लोग भी इस घटनाक्रम के बाद से दहशत में हैं और वह लाठी डंडे लेकर चल रहे हैं। बच्चों को भी सुरक्षा के लिहाज से बाहर आने-जाने के लिए डंडा दे दिया गया है।