कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात पागल कुत्ते ने 12 से अधिक ग्रामीणों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे इलाके में खलबली मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेर कर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।
गांव नरदोली में सोमवार की रात ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे। इस दौरान एक पागल कुत्ता गांव में घुस आया। उसने गांव में आते ही घरों के बाहर बंधे पालतू पशुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया। कुत्ते के काटने पर पशु रस्सियां तोड़कर इधर-उधर रंभाने लगे तो ग्रामीण नींद से जाग गए। उन्होंने बाहर जाकर देखा तो कुत्ता पशुओं पर लगातार झपट रहा था। ग्रामीणों ने पशुओं को बचाने का प्रयास किया तो कुत्ते ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान कुत्ते ने एक-एक करके 12 से अधिक ग्रामीणों को काट लिया। इसमें बुजुर्ग से लेकर बच्चे तक शामिल रहें, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे गांव में खलबली मच गई।
ग्रामीण समझ गए कि कुत्ता पागल हो गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौके पर ही मार डाला। कुत्ते के काटने से सुजीत सिंह (30),लक्षमण सिंह (8),भानु शाक्य (18),राजू गुप्ता (35),संजीव शाक्य (32),अतर पाल सिंह (65 ),अजयपाल सिंह (40) समेत अन्य ग्रामीण घायल हो गए। कुछ ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचकर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाए। वहीं, कुछ ने निजी चिकित्सक के पास जाकर इंजेक्शन लगवा लिए।
घटना से सहमे ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि उनके इलाके में आमतौर पर कुत्तों का आतंक नहीं रहता। रात में पागल कुत्ता कहीं से गांव में घुस आया। इससे पहले ग्रामीण कुछ समझ पाते, उसने एकाएक हमला बोलना शुरू कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण सहमे हुए हैं।
पटियाली सीएचसी पर पहुंचे 50 मरीज
पटियाली सीएचसी की चिकित्साधीक्षक डॉक्टर शिवाश्री ने बताया कि कुत्ते और बंदर द्वारा काटने के 50 मरीज मंगलवार को पहुंचे थे। इनको वैक्सीन लगाई गई है। सीएचसी पर वैक्सीन का काफी मात्रा में स्टॉक मौजूद हैं।