ताज का दीदार करने आए कर्नाटक के पर्यटक पर कुत्ते ने बोला हमला
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में ताजमहल पर बंदरों के साथ ही आवारा कुत्तों का आतंक भी देखने को मिल रहा है। ताज पूर्वी गेट का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुत्ते ने कर्नाटक के पर्यटक पर हमला बोल दिया। इस हमले के दौरान पर्यटक जमीन पर गिर गया। कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया, जिससे वो दहशत में आ गया। मौके पर आए लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद कुत्ता वहां से भाग गया। वहीं ताजमहल में बृहस्पतिवार को फिर एक पर्यटक की तबीयत खराब हो गई। सीने में दर्द से पूर्वी गेट पर गिर पड़े गुजराती पर्यटक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
यहां की है घटना
ये घटना ताजमहल की पूर्वी गेट की बताई जा रही है। बुधवार को कर्नाटक का पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए आया था। बताया गया है कि वो पूर्वी गेट के सामने से गुजर रहा था, तभी एक कुत्ते ने पर्यटक पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले ने पर्यटक को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
पैर में काटा
कुत्ते ने पर्यटक के पैर में दो से तीन जगह काट लिया। इस दौरान मौके पर जुटे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद कुत्ता वहां से भाग गया।
पर्यटक की तबीयत हुई खराब
बृहस्पतिवार को सुबह से बारिश होने के कारण मौसम सुहाना था। ताज पर तुलनात्मक रूप से कम भीड़ थी। दोपहर करीब 2 बजे ताज पूर्वी गेट पर गुजरात के 23 वर्षीय पर्यटक नितिन पुत्र विठ्ठल भाई की तबीयत खराब हो गई। वो गोल्फ कार्ट का इंतजार कर रहे थे। सीने में तेज दर्द के कारण वो गिर पड़े। साथ वाले लोगों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस से नितिन को शांति मांगलिक अस्पताल भेजा।
ताजमहल में नहीं हुई घटनाएं
ताजमहल संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेई ने बताया कि ताजमहल के अंदर किसी पर्यटक की तबीयत खराब नहीं हुई। बाहर अगर हुई होगी तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है। वहीं पर्यटक को कुत्ते के काटने का जो वीडियो वायरल हो रहा है वो भी ताजमहल परिसर के बाहर का है।
ताज पूर्वी गेट तक पहुंची कार
ताजमहल पूर्वी गेट तक बृहस्पतिवार को एक इनोवा कार पहुंच गई। हालांकि ताजमहल के दोनों प्रवेश द्वार तक पर्यटकों को पहुंचाने के लिए एडीए की गोल्फ कार्ट मौजूद रहती हैं। ऐसे में टैक्सी कार का मुख्य गेट तक पहुंचना सवाल खड़े करता है। इस संबंध में एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद का कहना है कि ताजखेमा में एक विवाह समारोह के लिए दो-तीन वाहनों को अनुमति दी गई थी। मुमकिन है कि उसी में से कोई कार मुख्य द्वार तक पहुंची हो।