मैनपुरी। थाना करहल क्षेत्र में एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 79 किमी पर पलटे कैंटर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की अफीम का डोडा बरामद हुआ है। शुक्रवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अब गाड़ी मालिक व बरामद माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
थाना करहल क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 79 के पास बृहस्पतिवार की देरशाम गुजरात के नंबर का कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया था। उसमें करीब 102 बोरा अफीम के डोडा लदे हुए थे। शुक्रवार को एसपी अशोक कुमार राय ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि जिले की सीमा पर चेकिंग चल रही है।
बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में तस्करी कर लाया गया मादक पदार्थ लदा हुआ है। जब कंटेनर का पीछा किया तो वह माइल स्टोन 79 किमी पर पलट गया। चालक व खलासी मौके से भाग गए। 102 बोरे में करीब 1428 किलोग्राम अफीम का डोडा बरामद हुआ। गाड़ी का नंबर आदि ट्रेस हो चुका है, जल्द ही तस्करी करने वालों को पुलिस ढूंढ निकालेगी।