केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बोले, राज्य सरकाराें से साझा किए जा रहे खुफिया इनपुट
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सेना के एलओसी पार कर आतंकी कैंपों को ध्वस्त करने की घटना के बाद देशभर के शहरों में हाई एलर्ट हैै। संदिग्ध लोग, नौका तक दिखने पर लोग चौक न्ने हैं और सुरक्षा एजेंसियों को इनकी सूचनाएं पहुंचा रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि भारत सरकार चौकन्नी है। सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट हैं। रिजिजू ने सर्जिकल स्ट्राइक के वीडियो जारी करने के सवाल पर जवाब देने से इंकार कर दिया।
आगरा के कलाकृति आडिटोरियम में उत्तर क्षेत्र राजभाषा सम्मेलन में पुरस्कार वितरित करने आए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि बार्डर पर वर्तमान हालातों को देखते हुए राज्य सरकारों के साथ बातचीत की जा रही है। वह आगरा से सीधे जैसलमेर गए, जहां पाकिस्तान की सरहद से लगे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। पत्रकारों से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत सरकार राज्य सरकारों के साथ खुफिया इनपुट साझा कर रही है। देश की जनता फिक्र न करे। सरकार मौजूदा हालातों पर चिंतित है और पूरा ध्यान रख रही है। सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। उन्होंने आतंकी कैंपों पर एलओसी पार कर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के सवालों का जवाब देने से साफ इंकार कर दिया।