बिचपुरी। आगरा–बयाना रेलवे लाइन पर सदर तहसील के ग्राम मिढ़ाकुर स्थित गेट संख्या 62-ए पिछले करीब 46 वर्षों से बंद है, जिससे दर्जनभर गांवों के किसानों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेत, मंडी और मुख्य सड़कों तक पहुंचने के लिए लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि आगरा रजवाह नहर के किनारे बना यह पक्का मार्ग आगरा–जयपुर हाईवे को सीधे आगरा–जगनेर रोड से जोड़ता है। मिढ़ाकुर में रेलवे गेट संख्या 62-ए बंद होने से नागर, सहाई, गढ़ी दौलता, गढ़ी गुलजारी, सहारा, बरारा, नगला हट्टी सहित आसपास के गांव प्रभावित हैं। लंबे समय से आरओबी या आरयूबी निर्माण की मांग की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेकर डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने मंडल रेल प्रबंधक, आगरा छावनी को समस्या समाधान के लिए पत्र भेजा है।