नरहोली की पानी की टंकी परिसर में बंद किए गये मवेशी का गोशाला के लिए लदान करते किसान
बाह। खेतों में फसलें चरने से गुस्साए किसानों ने रविवार शाम बाह के नरहौली गांव के पानी की टंकी परिसर में मवेशी घेर कर बंद कर दिए थे। मंगलवार को पांच सांड़ कुंडौल और 12 गाय जरार की गोशाला भेजीं, जबकि 11 सांड़ का लदान बुधवार को होगा।
नरहोली, बरपुरा, नरहौली पुरा, भाऊपुरा, जोधपुरा गांव के खेतों में पहरेदारी के बाद भी छुट्टा मवेशी ने आलू, गेहूं, सरसों की फसल चर कर नष्ट कर दी थी। किसानों सुरेंद्र सिंह, रामनिवास, सुरेश चंद्र, देवेंद्र सिंह, जगदीश ने बताया दिन रात पहरेदारी के बाद भी फसलें नष्ट होने पर खेतों में घुसे मवेशी को नरहौली पानी टंकी परिसर में बंद किया था। पशु पालन विभाग की टीम ने 28 मवेशी को टैग लगाए थे। टंकी परिसर में मवेशी के लिए हरे चारे और भूसे का इंतजाम भी किसानों ने किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान के हस्तक्षेप पर मंगलवार सुबह एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला, बीडीओ नीरज तिवारी ने बंद मवेशी को गोशाला भिजवाने की व्यवस्था की। बीडीओ नीरज तिवारी ने बताया कि जो मवेशी रह गये हैं, बुधवार को लदान कराया जाएगा।
टंकी परिसर में लदान के दौरान सांड़ हमलावर हो गए। हमले में भाकियू नेता भूपेंद्र सिंह चौहान घायल हो गये। सांड़ ने उन्हें सींग पर उठा लिया था, सींग चुभने से उनकी एक जांघ जख्मी हो गई। हमले में सिरनाम सिंह, सत्यपाल सिंह, अंकेश बाल-बाल बच गए। कई लोग हमले के दौरान मची भगदड़ के दौरान गिर कर चुटैल हो गए।