मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह जिले में बीमारियों की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा लगातार अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार की शाम जिलाधिकारी महाराजा तेज सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी से लेकर सभी वार्डों में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और उनके बेहतर उपचार के निर्देश सीएमएस को दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कहा कि जिला चिकित्सालय में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहे। पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हों। सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ अपनी-अपनी शिफ्ट में समय से उपस्थित होकर आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। जिन वार्डों में जगह है उनमें अतिरक्त बैड लगाए जाए। अधिक से अधिक मरीजों को सर्जिकल वार्ड, हड्डी रोग वार्ड, बालरोग वार्ड, मेडिकल वार्ड, द्वितीय तल पर बने वार्ड संख्या-एक से लेकर पांच तक में भर्ती कराया जाए ताकि एक ही स्थान पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ आसानी से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में अधिक संख्या में बुखार के मरीज स्वास्थ्य सेवाएं लेने आ रहे हैं। इसलिए विशेष सावधानी बरती जाए, आने वाले मरीजों को तत्काल भर्ती कर चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। यदि किसी मरीज को जांच की आवश्यकता हो तो तत्काल नमूना लेकरजांच कराई जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. अरविंद गर्ग, डॉ. आरके सिंह आदि उपस्थित रहे।