शाहगंज क्षेत्र में हुए विस्फोट के बाद की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने पटाखे और अन्य विस्फोटक पदार्थो के गोदामों में स्टॉक की जांच के आदेश दिए हैं। तीन दिन में एडीएम सिटी से रिपोर्ट मांगी है। सोमवार से थानेदार और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमों ने लाइसेंस धारकों के गोदामों की पड़ताल शुरू कर दी। उनका स्टॉक, नवीनीकरण व अन्य रिकार्ड खंगाला जाएगा।
जिले में 121 विस्फोटक पदार्थ के लाइसेंस धारक हैं। प्रत्येक थाना स्तर पर इनकी सूची बनेगी। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि शाहगंज में हुए हादसे के बाद अब सभी लाइसेंस धारकों के गोदाम और बिक्री स्थल की जांच कराई जा रही है। कितनी विस्फोटक मात्रा का लाइसेंस है ? मौके पर कितना गोला-बारूद मिला।
नवीनीकरण की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का सत्यापन किया जाएगा। मौके पर जाकर टीमें पड़ताल करेंगी। कमियां मिलने पर विस्फोटक अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को अछनेरा व रायभा क्षेत्र में तीन गोदामों पर पुलिस टीम ने छापे डाले हैं।
बगैर सत्यापन पटाखे नहीं बेच पाएंगे
एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया जिन लाइसेंसियों का सत्यापन नहीं होगा, वह दीपावली पर पटाखा कारोबार नहीं कर सकेंगे। दीपावली से पहले सभी लाइसेंस धारक के गोदामों का सत्यापन होना अनिवार्य है। जिनका सत्यापन होगा उन्हें ही भविष्य में दोबारा लाइसेंस जारी हो सकेगा।
आबादी में पटाखा बिक्री पर प्रतिबंध
जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने कहा आबादी क्षेत्र में कोई गोदाम, दुकान या पटाखा बिक्री नहीं होगी। तत्काल प्रभाव से इस पर प्रतिबंध लगाया है। दीपावली पर पटाखे की दुकानें सिर्फ चिह्नित किए खुले स्थानों पर ही लगेगी।
पटाखे बनाने वालों के गोदामों पर मिले ताले
न्यू आजमपाड़ा में हुए विस्फोट के बाद सोमवार को एसडीएम और सीओ ने नगला खरगा और दौर्रा गांवों में पटाखा गोदामों का निरीक्षण किया तो यहां ताले लटके मिले। एसडीएम प्रियंका सिंह और सीओ अर्चना सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव नगला खरगा के बाहर खेत में स्थित लायक सिंह के गोदाम पर पहुंची, जहां ताला लगा मिला?
उन्हें बुलाया गया और गोदाम का ताला खुलावाया, तो गोदाम भी खाली था। सीओ अर्चना सिंह ने अग्निशमन यंत्रों की जांच की। वे सही मिले। वहीं उदयवीर और विजय पाल तथा धौर्रा में नेत्रपाल के गोदाम पर छापा मारा, लेकिन सभी बंद मिले। सीओ अर्चना सिंह ने कहा कि अवैध रूप से पटाखों का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा, जिसके लिए औचक निरीक्षण होते रहेंगे। अवैध निर्माण करते पकडे़ जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान साथ में नायब तहसीलदार सराह अशरफ व क्षेत्रीय लेखपाल भी रहे।