आगर। यूरिया की कालाबाजारी और किल्लत की शिकायतों के बीच बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अरविंद बंगारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। कृषि, सहकारिता और उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यूरिया के साथ किसी भी तरह की टैगिंग और कालाबाजारी न की जाए। ऐसा करने वालों पर केस दर्ज कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यूरिया की तय दर 266़ 50 रुपये से ज्यादा पर बिक्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साधन सहकारी समितियों के वितरण व्यवस्था के बारे में आ रही शिकायतों का संज्ञान लिया। सहकारिता आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो सचिव नियमों का उल्लंघन करे उसके विरु़द्ध तत्काल कार्रवाई करें। जिन समितियों पर अधिक मांग है वहां प्राथमिकता से पहले अधिक यूरिया भेजें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, कृषि उप निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, सहकारिता सहायक आयुक्त विमल कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद