Divisional controller saw the arrangements at the paddy purchasing center
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सोमवार को संभागीय नियंत्रक आगरा संभाग डॉ. राजेंद्र पैंसिया मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद मिलर्स से वार्ता कर उन्हें जल्द से जल्द धान प्राप्त कर चावल उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया।
संभागीय नियंत्रक सबसे पहले नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारी सर्वेश कुमार से अब तक हुई धान खरीद, किसानों का भुगतान आदि के बारे में जानकारी की। यहां उपस्थित किसानों से भी उन्होंने वार्ता की। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें धान विक्रय में परेशानी तो नहीं हुई। इस पर किसानों ने किसी प्रकार की परेशानी न होने की बात कही। उन्होंने कहा कि तौल में तेजी लाते हुए जल्द से जल्द किसानों का धान तौला जाए।
इसके बाद उन्होंने संतलाल इंडस्ट्रीज व महालक्ष्मी पैड़ी प्राइवेट लिमिटेड पर पहुंचकर वार्ता की। उन्होंने कहा कि सरकारी क्रय केंद्रों से धान का उठान जल्द कराया जाए और चावल उपलब्ध कराया जाए। इस पर मिलर्स ने बताया कि उनके प्लांट सेला चावल के हैं ऐसे में कॉमन धान की छिलाई में समस्या आती है। इस दौरान जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी उदित नारायण सिंह मौजूद रहे।