आगरा। प्रथम जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए रविवार को ड्रॉ घोषित कर दिए गए। प्रतियोगिता 19 और 20 मई को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी। सभी मुकाबले प्रतिदिन सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों में मुकाबलों को लेकर काफी उत्साह है।
आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की महासचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसमें अंडर-9 बालक एवं बालिका वर्ग, होप्स अंडर-11, कैडेट अंडर-13, सब जूनियर अंडर-15, जूनियर अंडर-17, यूथ अंडर-19, महिला एवं पुरुष वर्ग तथा वेटरंस मास्टर्स 39 प्लस आयु वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 मई तक किया गया था। जिलेभर से काफी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी।
डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि जिला रैंकिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी ही आगामी प्रथम उत्तर प्रदेश राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के पात्र होंगे। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 5 से 7 जून तक बरेली में आयोजित की जाएगी। ऐसे में आगरा की प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राज्यस्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।